लोकरंग उत्सव में कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के सौजन्य एवं नगर निगम और पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीकोट में लोकरंग उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनिता रावत ने किया।
उत्सव में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के कलाकारों ने लोकनृत्य और लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे सभागार में उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न प्रांतों की संस्कृति और लोक परंपराओं से लोगों को परिचित कराना रहा। डॉ. विनिता रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
