जन सेवा केंद्रों पर मिलेंगी जल-सीवर सेवाएं

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के अंतर्गत उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम और सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के बीच नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इस समझौते पर मुख्य अभियंता संजय सिंह और स्टेट हेड अश्वनी कुमार ने हस्ताक्षर किए।
इस पहल के तहत अब प्रदेश के नागरिक अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र पर ही पेयजल और सीवर से जुड़ी कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसमें बिल भुगतान की सुविधा प्रमुख है, जिससे उपभोक्ता आसानी और पारदर्शिता के साथ अपने जल एवं सीवर बिल जमा कर सकेंगे। इसके अलावा, नए पानी और सीवर कनेक्शन के लिए भी डिजिटल माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, जिससे उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सेवाएं उनके करीब उपलब्ध होंगी।
