अस्पताल, पुस्तकालय और स्टेडियम का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य-शिक्षा व खेलों को मिलेगा बल

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल से जुड़े संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं और आधारभूत ढांचे का जायजा लिया। मरीजों व तीमारदारों से संवाद कर दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार की जानकारी ली तथा समयबद्ध, संवेदनशील व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने आईसीयू, डिजिटल एक्स-रे और सीटी स्कैन यूनिट का निरीक्षण कर सुविधाओं को और आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिला पुस्तकालय का उद्घाटन कर विद्यार्थियों से संवाद किया और इसे बौद्धिक विकास का केंद्र बताया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। दौरे के दौरान राज्यपाल रांसी स्टेडियम भी पहुंचे, जहां खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और बड़े लक्ष्य के साथ देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
