– हड़ताल से उपभोक्ता भी परेशान, सप्लाई व्यवस्था प्रभावित
– कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मांग की तैयारी की

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गैस एजेंसियों से जुड़े डिलीवरी कर्मियों ने कथित उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के विरोध में शनिवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुष्पक गैस एजेंसी परिसर में सभी डिलीवरी कर्मी एकत्र हुए और तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। पुष्पक गैस एजेंसी के सभी डिलीवरी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते लोगों को खुद ही अपना सिलेंडर लाने पड़े। कर्मियों का आरोप है कि कुछ लोग खुद को मीडियाकर्मी बताकर उन्हें रास्ते में रोकते हैं, वीडियो बनाते हैं और गैस सिलेंडरों का वजन कराने का दबाव बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं। कर्मियों का कहना है कि इस प्रकार की जांच का अधिकार केवल संबंधित विभागीय अधिकारियों को है, न कि आम व्यक्तियों को। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से डिलीवरी कर्मियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, गैस वितरकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की है, जिसमें डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। डिलीवरी कर्मी रमेश प्रधान ने कहा कि मौजूदा हालात में काम करना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में भी इतनी परेशानी नहीं हुई, जितनी अब झेलनी पड़ रही है। हड़ताल के चलते गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमित चंद उर्फ गोपी ने कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे डिलीवरी कर्मियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उन्हें निशाना बनाकर मानसिक दबाव बनाते हैं और अवैध तरीके से धन उगाही करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना भय के अपना कार्य कर सकें। इस दौरान इसाम पाल, रामलाल मांगेराम, प्रवीण कुमार, सतीश कुमार, राजकुमार, विक्की, इमरान, लखन कुमार, सूरजमल, अमृत कुमार, नितिन कुमार, नीतीश कुमार, सचिन कुमार, तेलुराम, सागर कुमार, सुमित कुमार, जॉनी, मोनू कुमार, सोनू कुमार, विजयपाल, राजेश कुमार, रजत कुमार, शुभम कुमार, दीपक, अजय, शशि कुमार, मांगेराम, राजेश कुमार, सुरेश कुमार, मुस्ताक अली, शौकीन अली, अशोक कुमार, प्रदीप चौहान, रमेश कुमार, महेश कुमार, संदीप कुमार, कुलदीप, रामजीलाल, बिजेंद्र, मिथुन, दीपक कुमार, अनिल कुमार, दीपक कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, नीतीश सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
