धर्मनगरी में अप्रैल में होगा राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट, एक लाख मिलेगी पुरस्कार राशि

हरिद्वार। उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के तत्वावधान में 4 व 5 अप्रैल 2026 को “प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट” आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन भूपतवाला स्थित निश्काम सेवा ट्रस्ट (दूधाधारी चौक के निकट) में होगा।
टूर्नामेंट सात राउंड की स्विस प्रणाली पर आधारित होगा, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 30 मिनट का समय तथा प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड की अतिरिक्त बढ़ोतरी मिलेगी। देशभर से खिलाड़ियों के प्रतिभाग की संभावना है, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर ऊंचा रहने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में कुल एक लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है। ओपन वर्ग के साथ-साथ महिला, वरिष्ठ नागरिक, अनरेटेड और विभिन्न जूनियर वर्गों के लिए भी अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। टूर्नामेंट के संचालन की जिम्मेदारी उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के सचिव एवं सीनियर नेशनल आर्बिटर राहुल बत्रा निभाएंगे। फेडरेशन अध्यक्ष डॉ. मुकुल बेंजवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य शतरंज को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय मंच प्रदान करना है। उन्होंने खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।
