पौड़ी में सौर ऊर्जा से बदल रही तस्वीर, बचत के साथ बढ़े रोजगार के अवसर


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) द्वारा वर्ष 2025-26 में गांवों से लेकर सरकारी संस्थानों तक सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया गया है। इससे बिजली खर्च में कमी के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
जिले में इस वर्ष 548 सोलर स्ट्रीट लाइट और 27 हाईमास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे रात्रि में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। वहीं 18 शासकीय भवनों में 2162 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली बिलों में बड़ी बचत होगी। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 76 सोलर संयंत्र स्थापित कर 13,515 किलोवाट क्षमता विकसित की गई है। इससे उत्पादित बिजली यूपीसीएल द्वारा खरीदी जा रही है, जिससे लाभार्थियों को नियमित आय मिल रही है। इस योजना से करीब 210 युवाओं को रोजगार मिला है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि सौर ऊर्जा योजनाएं पर्यावरण संरक्षण के साथ जनजीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!