जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में स्वच्छ गंगा के दिए निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की 71वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संस्थान हरिद्वार और पेय जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे एसटीपी की नियमित मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। नगर निगम के अधिकारियों को भी जिले में संचालित गौशालाओं की सूची तैयार करने और गोबर या अन्य गंदगी गंगा में न जाने देने की सख्त निगरानी करने के आदेश दिए गए।
प्रभागीय वनाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि गंगा में नालों का गंदा पानी और कचरा न जाए और अतिक्रमण वाले घाटों एवं क्षेत्रों पर तत्काल कार्यवाही की जाए। इसके अतिरिक्त जिन पुलों पर सुरक्षा जाली लगानी है, उसे शीघ्र स्थापित करने के भी आदेश दिए गए। बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल, आरओ यूके पीसीबी डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, उपमुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी, सहायक अभियंता जल संस्थान अब्दुल रशीद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य, समिति सदस्य रामेश्वर गौड़, मनोज निषाद, संजय सकलानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक के निर्देशों के माध्यम से गंगा को स्वच्छ, निर्मल और सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
