चिलोली गांव में खुदाई के दौरान मिलीं प्राचीन मूर्तियां

पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल के किमोली-चिलोली गांव में जल स्रोत के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान खुदाई में दो प्राचीन मूर्तियां मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इनमें एक भगवान गणेश की प्रतिमा तथा दूसरी नागयुक्त शिवलिंग बताई जा रही है, जो धार्मिक व पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
ग्राम प्रधान हेमंती देवी के अनुसार खुदाई के दौरान मूर्तियां मिलने पर तुरंत पुरातत्व विभाग को सूचना दी गई। प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई पौड़ी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में प्रतिमाएं प्राचीन प्रतीत हो रही हैं। इन्हें सुरक्षित संरक्षण हेतु विभाग को सौंप दिया गया है और भविष्य में पौड़ी स्थित संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।
