रुद्रप्रयाग में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

रुद्रप्रयाग। जनगणना 2027 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर लोकेन्द्र बिष्ट (मुख्य कृषि अधिकारी) तथा जनगणना निदेशालय देहरादून से नामित नितीश रावत एवं गौरव पुरोहित के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भवन गणना एवं व्यक्ति गणना के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। अंतिम दिन पूर्व गतिविधियों का पुनरावलोकन कर प्रतिभागियों की समझ को और मजबूत किया गया। साथ ही विकासखंड के संदर गाँव में एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) ऐप का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी कराया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। गाँव को तीन एचएलओ ब्लॉकों में विभाजित कर 16 ट्रेनरों की टीमों ने घर-घर जाकर व्यावहारिक अभ्यास किया। जनगणना का प्रथम चरण 24 अप्रैल से 25 मई तक संचालित होगा।
