भूमि व मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एनआईसी कक्ष में सड़क निर्माण से जुड़े विभागों की बैठक लेकर भूमि संबंधी आपत्तियों और मुआवजा प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रकरणों में मुआवजे की मांग शासन स्तर को भेजनी है, उन्हें तत्काल प्रेषित किया जाए और उपलब्ध धनराशि का पारदर्शी व समयबद्ध वितरण सुनिश्चित हो। उन्होंने राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से संयुक्त निरीक्षण, सीमांकन और अभिलेख सत्यापन तेज करने के निर्देश दिए। सभी लंबित प्रकरणों को 15 अप्रैल तक निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
