यूएसडीएमए में लगी एआई की पाठशाला, आपदा प्रबंधन को मिलेगी नई दिशा

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि एआई को सहयोगी के रूप में अपनाते हुए आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एआई के माध्यम से मौसम आधारित अलर्ट, भूस्खलन और बाढ़ का पूर्वानुमान, रियल टाइम डाटा विश्लेषण और त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलती है। आईटीडीए निदेशक आलोक कुमार पाण्डेय ने एआई के जिम्मेदार उपयोग और डाटा सत्यापन पर जोर दिया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को एआई की मूल अवधारणा, विभिन्न प्लेटफॉर्म और उनके उपयोग की जानकारी दी गई। बताया गया कि एआई से जोखिम मानचित्रण, राहत कार्यों की प्राथमिकता तय करने और आम जनता तक सही सूचना पहुंचाने में सहायता मिलती है, जिससे आपदा प्रबंधन अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बन सकता है।
