प्रेमनगर मारपीट कांड: घायल युवक की मौत, 3 छात्र हिरासत में
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में युवकों के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है, जो एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र बताए जा रहे हैं।
घटना 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव में हुई, जहां आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में दिव्यांशु जाटराना (22) निवासी मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
