निरीक्षण में दिखे एसएसपी दून के सख्त तेवर, लंबित मामलों पर कड़ी फटकार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन न होने और प्रार्थना पत्रों के अनावश्यक लंबित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए, साथ ही लापरवाही बरतने वाले जांचकर्ताओं के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए।
एसएसपी ने सीसीटीएनएस, एनसीआरबी, सीएम पोर्टल और ई-डिस्ट्रिक्ट से प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए बैरिक, मैस और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। मालखाने में लंबित सामान के निस्तारण, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को क्राइम डिटेक्शन किट और हथियार संचालन का नियमित अभ्यास कराने को भी कहा गया।
