टीबी मुक्त बनने की ओर अग्रसर हरिद्वार, 37 ग्राम पंचायतों को मिला सम्मान


हरिद्वार। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत “टीबी मुक्त ग्राम पंचायत दृ ग्राम प्रधान सम्मान समारोह एवं 100 दिवसीय विशेष अभियान” का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाकर जिले को टीबी मुक्त बनाना है।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। जनपद की 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करते हुए 10 ग्राम प्रधानों को सिल्वर और 27 को कांस्य ट्रॉफी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने अभियान को मिशन मोड में चलाने पर जोर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।


विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, टीबी मुक्त ग्राम प्रधान सम्मानित

पौड़ी। श्रीनगर गढ़वाल के जिला अस्पताल में विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान पर चर्चा की गई तथा टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आमजन को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी गई और टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। विधायक ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच व नियमित दवा से इसे समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने जनसहभागिता पर जोर देते हुए लोगों से लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


स्क्रीनिंग व रक्तदान शिविर आयोजित

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में विश्व टीबी दिवस पर 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि सहित कई चिकित्सा इकाइयों में गोष्ठियां और टीबी स्क्रीनिंग कैंप लगाए गए। इस दौरान 35 लोगों के एक्स-रे किए गए और 10 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में “यस वी केन एंड टीबी” थीम पर जनजागरूकता बढ़ाई गई। वक्ताओं ने टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने और पूरा उपचार लेने पर जोर दिया। साथ ही निक्षय मित्र बनने और टीबी उन्मूलन में जनसहभागिता की अपील की गई।


विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

श्रीनगर गढ़वाल। मेडिकल कॉलेज में विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कम्युनिटी मेडिसिन व रेस्पिरेट्री विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच व उपचार के महत्व को समझाना रहा। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन नियंत्रित होने वाली बीमारी है, जिसमें जनसहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम में छात्रों ने पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी। इस दौरान टीबी चैंपियंस व स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक, छात्र-छात्राएं व पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।

हां, हम टीबी को खत्म कर सकते हैं

चमोली में विश्व तपेदिक दिवस पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। “हां, हम टीबी को खत्म कर सकते हैं” थीम के तहत 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान को गति दी गई। जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत लस्यरी को गोल्ड मेडल, जबकि टंगसा, हरमनी और बमियाला को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि टीबी का समय पर इलाज संभव है और सभी जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध हैं। कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग, परामर्श और घर-घर सर्वे अभियान भी चलाया गया।


विश्व टीबी दिवस पर 125 पंचायतें सम्मानित

उत्तरकाशी। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी द्वारा जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
राजकीय पॉलिटेक्निक में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान 125 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सामूहिक प्रयासों से टीबी मुक्त समाज बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!