बीडीसी की बैठक में उठे पेयजल, विद्युत व शिक्षा से जुड़े मुद्दे


देवप्रयाग क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक मंगलवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक विनोद कंडारी और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, विद्युत, पेयजल और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और लंबित योजनाओं पर चर्चा की।
बैठक में विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने बताया कि बीते दो महीनों में बागी और देवप्रयाग क्षेत्र में दो महिलाओं की समय पर उपचार न मिलने के कारण मृत्यु हो गई। इस पर क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड मशीन, डॉक्टरों की नियुक्ति और उप जिला चिकित्सालय खोलने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा, आंगनबाड़ी और स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे मील की सूची सार्वजनिक करने, जर्जर विद्युत पोलों की मरम्मत, झूलते तारों को ठीक करने और पेड़ों की लॉपिंग कराने की मांग उठाई गई। सदन ने संबंधित विभागों को एक माह में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने भी अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में स्व. गोकुल प्रसाद गैरोला के चित्र का अनावरण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!