कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही व कार्य में देरी नहीं होगी बर्दाश्त

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अस्थायी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्ष 2021 कुंभ की अवशेष सामग्री के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया गया, ताकि अनावश्यक खर्च और दोहराव से बचा जा सके। मेलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रस्ताव तर्कसंगत और आवश्यकता आधारित होने चाहिए। उन्होंने बताया कि कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक पखवाड़े में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अधीक्षण अभियंता या अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा अपर और उप मेलाधिकारी को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, श्रमिकों की उपस्थिति और कार्य प्रगति की दैनिक रिपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। गुणवत्ता बनाए रखने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसियों से नियमित जांच कराने पर भी जोर दिया गया। सीसीआर-2 भवन निर्माण को गति देने हेतु दो पालियों में कार्य कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
