केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जिला सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि 22 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। पशुपालन विभाग द्वारा घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग सड़कों के पैचवर्क और डेंजर जोन में सुरक्षा कार्य कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर एंबुलेंस, डॉक्टरों और स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, साथ ही ट्रैफिक, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं मजबूत की जाएं। बैठक में जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
