महंगाई, भ्रष्टाचार और घोटालों को समर्पित रहे धामी सरकार के चार साल: गोदियाल
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से भरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और बेरोजगार युवा दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
गोदियाल ने कहा कि खनन, भू और शराब माफिया सरकार पर हावी रहे, जबकि नीतियां भी इनके हित में बनाई गईं। उन्होंने भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी समेत कई मामलों में सरकार गंभीर नहीं दिखी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई। गोदियाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में भी सरकार जांच से बचती रही। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चार वर्षों में सरकार कोई ऐसी उपलब्धि नहीं बता सकी, जिस पर जनता गर्व कर सके। उन्होंने सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों को भी सवालों के घेरे में खड़ा किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
