योग महोत्सव में दिया योग अपनाने का संदेश

देहरादून। ऋषिकेश में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 का भव्य समापन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) की उपस्थिति में हुआ। पर्यटन विभाग और जीएमवीएन द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश से आए 2500 से अधिक योग साधकों ने सप्ताहभर प्रतिभाग किया।
राज्यपाल ने कहा कि यह समापन नहीं, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के नए संकल्प की शुरुआत है। उन्होंने ऋषिकेश को आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बताते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कोविड-19 का उल्लेख करते हुए उन्होंने योग व आयुर्वेद की उपयोगिता पर जोर दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट योगाचार्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, स्वामी अवधेशानंद गिरी समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
