79 छात्रों की ड्रग सैंपलिंग, नशा जागरूकता अभियान तेज

श्रीनगर गढ़वाल। एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देशन में चल रहे ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान के तहत 19 मार्च 2026 को राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रैंडम ड्रग सैंपलिंग और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में 79 छात्र-छात्राओं के सैंपल गोपनीय व वैज्ञानिक तरीके से लिए गए। मनोचिकित्सक डॉ. आशीष गुसाईं ने बताया कि नशा जिज्ञासा, दबाव या तनाव से शुरू होकर गंभीर लत बन जाता है, जो मस्तिष्क और व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। छात्रों को नशे से बचाव, सही संगति, खेल-योग अपनाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
