गुलदार के हमले के बाद प्रशासन सख्त, जनसुरक्षा हेतु रणनीति तैयार


पौड़ी। विकासखंड कोट के ग्राम बलमाना में 9 मार्च को गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित कर जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई।
बैठक में गांवों के आसपास झाड़ियों के कटान, सौर लाइटों की स्थापना और वन विभाग द्वारा गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। प्रभावित क्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण दल द्वारा लोगों को सुरक्षित आवागमन में सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु कम संख्या वाले स्कूलों के बच्चों के सामूहिक आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा, जिससे जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

गुलदार से बचाव हेतु वन विभाग की एडवाइजरी जारी

पौड़ी। जनपद में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। डीएफओ महातिम यादव ने घरों के आसपास झाड़ियों की सफाई और रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी। अभिभावकों से बच्चों को अकेले न भेजने और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है। गुलदार दिखने पर घबराने, शोर मचाने या पास जाने से बचें। आमना-सामना होने पर शांत रहकर धीरे-धीरे पीछे हटें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल वन्यजीव हेल्पलाइन 1926 पर देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!