सौरमंडल के वार्षिक चुनाव संपन्न, बृहस्पति बने राजा और मंगल मंत्री


देहरादून। ज्योतिषीय परंपराओं के अनुसार सौरमंडल में नवग्रहों का वार्षिक ‘चुनाव’ शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें देवगुरु बृहस्पति को राजा और सेनापति मंगल को मंत्री पद प्राप्त हुआ। ज्योतिषाचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल “दैवज्ञ” ने बताया कि 23 फरवरी से इस प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी, जिसमें बुध को चुनाव अधिकारी बनाया गया था।
उन्होंने जानकारी दी कि नवगठित ‘मंत्रिमंडल’ में चंद्रमा को गृहमंत्री, शुक्र को वित्त मंत्री और शनिदेव को कृषि एवं खाद्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। आचार्य के अनुसार यह रौद्र नाम संवत्सर होगा, जिसका प्रभाव पृथ्वी पर भी देखने को मिलेगा। आचार्य दैवज्ञ ने कहा कि इस वर्ष धर्म-कर्म में रुचि रखने वालों को लाभ मिलेगा, जबकि दुष्ट प्रवृत्तियों पर नियंत्रण बढ़ेगा। वहीं मंगल के प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय तनाव, प्राकृतिक आपदाएं, आगजनी और संसाधनों की कमी जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि देश में आध्यात्मिक उन्नति, शिक्षा और राजनीति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन सीमाओं पर तनाव और जल संकट की आशंका भी बनी रहेगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन, कलश यात्रा और भजन-कीर्तन के साथ नव संवत्सर का स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!