ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार


देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दून को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रायवाला क्षेत्र में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी रायवाला के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस टीम ने हरिपुर कलां स्थित एक भवन में छापेमारी कर मौके से दर्शन जगनानी, साहिल आहूजा, सूरज और हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सट्टेबाजी से अर्जित 1.84 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड, 3 पासबुक, एक चेकबुक, 4 सिम कार्ड व अन्य सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतिबंधित वेबसाइट और ऐप के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए वे ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए लिंक भेजते थे, जिससे उन्हें एक यूनिक आईडी मिलती थी। इसके बाद ग्राहकों का डाटाबेस तैयार कर उन्हें बैंक खातों की डिटेल भेजी जाती थी, जिनमें पैसे जमा कराए जाते थे। भुगतान के बाद ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराया जाता था, जिससे वे ऑनलाइन सट्टा लगा सकते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “रेड्डी पैनल” और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए “क्रिकेट 99” और “11 प्ले” जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा खिलवाते थे। इस अवैध कारोबार के लिए कई बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था, जिन्हें पुलिस ने सीज कर दिया है।
चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में बीएनएस की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट की धारा 66सी/66डी तथा जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!