कंडियाल गांव में हुआ श्रीकृष्ण लीला का शुभारंभ

लंबगांव। विकासखंड प्रतापनगर के पट्टी उपली क्षेत्र के कंडियाल गांव में श्रीकृष्ण लीला का भव्य शुभारंभ हो गया। मंगलवार देर रात शुरू हुई लीला का उद्घाटन विधायक बिर्क्रम सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलाएं जीवन प्रबंधन और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। विधायक ने कंडियाल गांव में निर्माणाधीन आराध्य देव उमेदा कंडियाल मंदिर के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम के प्रथम दिन भगवान विष्णु और लक्ष्मी के बीच संवाद का मंचन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
