स्वास्थ्य विभाग में 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल, पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी सुदृढ़: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल कर दिए गए हैं। इन चिकित्सकों की नवीन तैनाती को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन दिया। पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद विभाग में लौटे ये चिकित्सक विभिन्न जनपदों में अपने विशेषज्ञता के अनुसार तैनात किए गए हैं, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
बागेश्वर में ईएनटी, ऑब्स एंड गायनी और एनेस्थीसियोलॉजी, पौड़ी में जनरल सर्जरी, रेस्पिरेट्री मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और ऑर्थाेपेडिक्स, पिथौरागढ़ में ऑब्स एंड गायनी, पैथोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन व एमडी माइक्रोबायोलॉजी, रूद्रप्रयाग में पीडियाट्रिक्स और जनरल मेडिसिन, हरिद्वार में कम्युनिटी मेडिसिन, उत्तरकाशी में जनरल सर्जरी, ईएनटी और ऑफ्थैल्मोलॉजी, चमोली में जनरल मेडिसिन, ईएनटी व एमएस तथा देहरादून में पैथोलॉजी और फॉरेंसिक मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस तैनाती से प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूती मिलेगी और आम लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की यह तैनाती एक यूनिट के रूप में की गई है ताकि उनके बीच समन्वय बना रहे और मरीजों को तेज व प्रभावी उपचार मिल सके। इस पहल से पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और ग्रामीण जनता को बेहतर सुविधा मिलेगी।
