सीडीओ ने पच्चीस सूत्री कार्यक्रम पर मासिक निगरानी के दिए निर्देश

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन में पच्चीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वार्षिक कैलेंडर तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्या विभाग को प्रस्तुत करें। उन्होंने रैंकिंग योजनाओं की मासिक प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध और त्रुटिरहित भेजने पर जोर दिया, ताकि राज्य स्तर पर जनपद की वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो।
सीडीओ ने बताया कि पच्चीस सूत्री कार्यक्रम के तहत गरीबी उन्मूलन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि और आधारभूत सुविधाओं की योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक में डीआरडीए निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, ग्राम पंचायतराज अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
