केदारनाथ यात्रा को लेकर राहत, कच्ची दुकानें और टेंट व्यवस्था रहेगी यथावत

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर स्थानीय व्यापारियों और टेंट संचालकों को बड़ी राहत मिली है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग पर कच्ची दुकानें और टेंट पूर्व की भांति संचालित रहेंगे।
बैठक में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। व्यापारियों ने अपनी आजीविका से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिस पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ स्थानीय लोगों के रोजगार की रक्षा भी प्राथमिकता है। विधायक आशा नौटियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया, जिससे स्थानीय व्यापारियों को राहत मिलेगी।
