मास्टर प्लान के फेज-1 का कार्य पूर्ण, फेज-2 तेज़ी से जारी

चमोली। प्रदीप कुमार। श्री बदरीनाथ धाम में 440 करोड़ रुपये की लागत से संचालित मास्टर प्लान अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। योजना के तहत यात्री सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग, पार्किंग, सीवर निस्तारण, नदी तट सुरक्षा और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सुव्यवस्थीकरण पर कार्य किया जा रहा है, जिससे धाम का दिव्य और भव्य स्वरूप आकार लेने लगा है।
मास्टर प्लान के फेज-1 के अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इनमें वन-वे लूप रोड, बीआरओ बाईपास, सिविक एमेनिटी भवन, शेषनेत्र व बद्रीश लेक, आईएसबीटी, टूरिस्ट मैनेजमेंट सेंटर और एराइवल प्लाजा शामिल हैं। अस्पताल विस्तार कार्य अंतिम चरण में है। अलकनंदा नदी तटों पर रिवरफ्रंट निर्माण भी तेजी से जारी है, जिसमें विभिन्न हिस्सों का कार्य प्रगति पर है तथा स्टील ट्रस सेतु निर्माण भी किया जा रहा है।
फेज-2 के अंतर्गत प्रशासनिक भवन, इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर, पैदल सेतु और रिवरफ्रंट के अतिरिक्त कार्य किए जा रहे हैं। तीर्थ पुरोहितों के लिए प्रस्तावित 11 आवासीय ब्लॉकों में से 4 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष पर कार्य जारी है। परियोजना अधिकारियों के अनुसार सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
