मंदाकिनी तट पर चलाया स्वच्छता अभियान

रुद्रप्रयाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि की नमामि गंगे समिति के तत्वावधान में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के प्रथम दिवस पर मंदाकिनी नदी तट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.सी. दुत्तपुरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों ने सौड़ी गांव स्थित तट और चंद्रशेखर मंदिर परिसर में फैले कूड़ा-कचरे को एकत्र कर सफाई की। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया। अभियान में नमामि गंगे समिति की संयोजक डॉ. ममता भट्ट सहित अन्य प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।
