गाजियाबाद की गुमशुदा युवती लक्ष्मणझूला से सकुशल बरामद

पौड़ी। ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने गाजियाबाद से लापता 23 वर्षीय युवती ज्योति गौतम को लक्ष्मणझूला क्षेत्र से सकुशल बरामद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस टीम ने सूचना मिलने पर युवती की तलाश शुरू की और जानकी चौकी के पास उसे पहचान कर सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पारिवारिक नाराजगी के कारण घर छोड़कर यहां रह रही थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही थी। पुलिस ने वीडियो कॉल के माध्यम से युवती की परिजनों से बात कराई, जिससे परिवार को राहत मिली।
