गैस सिलेंडर संकट पर सपा ने सरकार को घेरा, किया प्रदर्शन


हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान प्रदर्शन कर सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री का इस्तीफा मांगा।
इस मौके पर महंत शुभम गिरि ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से गैस की किल्लत के कारण गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। गैस की कमी के चलते कई होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और अन्नक्षेत्र बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे लोगों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।
महंत शुभम गिरी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को इस गंभीर समस्या पर तुरंत स्पष्टीकरण देना चाहिए और गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
समाजवादी पार्टी के नेता सुमित तिवारी ने भी इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर आज हर घर की मूलभूत आवश्यकता बन चुका है। इसके बावजूद आम जनता को गैस के लिए घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर जनता को राहत देनी चाहिए। इस दौरान राव धन्नो, राव बिहान, असीम सलमानी, योगेश कुमार, विजय पाल, धीरज सिंह, रईस अंसारी, रोबिन सिंह यादव और सिद्धार्थ शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!