डीएम ने जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, 70 शिकायतें दर्ज, 38 का हुआ निस्तारण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 38 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। शिकायतकर्ताओं ने बिजली लाइनमैन के व्यवहार, जोहड़ व नाले पर अवैध कब्जा, स्वामित्व योजना में नाम दर्ज कराने, सड़क निर्माण तथा खराब सिंचाई मोटर की मरम्मत जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ समाधान किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनता मिलन में हुआ कई शिकायतों का समाधान
पौड़ी। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी एक दर्जन से अधिक शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों का मौके पर समाधान कराया और शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में पेयजल, विद्युत, कानून व्यवस्था, भुगतान और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जनता मिलन में 40 शिकायतें दर्ज, 16 का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनता ने पेयजल, भुगतान, मुआवजा, सोलर पंपिंग योजना, खतौनी में नाम दर्ज करने और सड़क जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
