34 लाख रुपये की अवैध हेरोइन के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” विजन को साकार करने के तहत दून पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया।
धोरण पुल के पास होटल, रेस्टोरेंट, बार और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर राहुल चौधरी उर्फ जोगी (35) निवासी नगीना, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को 112 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पकड़ा गया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (यूके-08-एके-9703) को भी सीज कर दिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह सहारनपुर और बिजनौर से हेरोइन खरीदकर देहरादून में नशेड़ियों को बेचने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

5.98 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार को टिमली धर्मवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को 5.98 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में उ.नि. विवेक कुमार राठी सहित पुलिस टीम शामिल रही।
