पुलिस ने 37 पेटी अंग्रेजी, देशी शराब के साथ दो तस्कर किए गिरफ्तार


देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को साकार करने के लिए देहरादून पुलिस लगातार अवैध नशे और शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रायवाला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 37 पेटी अंग्रेजी और देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
रविवार 15 मार्च 2026 को रायवाला गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक हुण्डई कार (यूके-07-एस-5230) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पेटियों में 576 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 1125 पाउच टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से शिवम पुत्र रमेश चंद्र (28 वर्ष) निवासी तुलसी विहार श्यामपुर ऋषिकेश तथा ईशु कश्यप उर्फ लड्डू पुत्र बिजेंद्र कश्यप (18 वर्ष) निवासी विस्थापित कॉलोनी वीरभद्र आईडीपीएल ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली रायवाला में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुशाल सिंह रावत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!