फायर कर्मियों ने स्कूली छात्र-छात्राओं को पढ़ाया अग्नि सुरक्षा का पाठ

उत्तरकाशी। फायर सर्विस बड़कोट की टीम ने सेंट मैरी स्कूल, पौंटी बड़कोट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उपलब्ध प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। फायर कर्मियों ने एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सावधानी बरतने के उपायों और आपातकालीन नंबर 112 के महत्व के बारे में भी बताया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में फायर सर्विस द्वारा जनपद में आम नागरिकों और विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘अग्नि सुरक्षा एवं बचाव’ से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
