चारधाम यात्रा की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, यमुनोत्री यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण


उत्तरकाशी। आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों, स्यानाचट्टी में चैनलाइजेशन कार्यों तथा यमुनोत्री पैदल मार्ग पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाई जाए और मार्ग पर पड़े मलबे व बोल्डरों को तुरंत हटाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे। उन्होंने स्यानाचट्टी, फूलचट्टी और कृष्णाचट्टी में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। यमुनोत्री धाम में स्नान घाटों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों पर रेलिंग, फिसलन रोकने के उपाय और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इससे पहले जानकीचट्टी में आयोजित बैठक में उन्होंने घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण, पैदल मार्ग की मरम्मत, रेन शेल्टर और साइनेज लगाने तथा सफाई अभियान चलाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

चारधाम यात्रा से पहले यात्रा मार्गों में सघन स्वच्छता अभियान शुरू

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ से पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की पहल पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित सभी यात्रा पड़ावों, कस्बों, बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारों पर सघन स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत पुराने प्लास्टिक और पॉलिथीन कचरे (लिगेसी वेस्ट) का एकत्रीकरण कर उसका निस्तारण किया जाएगा। पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा ने बताया कि अभियान के संचालन के लिए स्वजल विभाग को नोडल बनाया गया है। एकत्र कचरे को प्लास्टिक अपशिष्ट इकाइयों और नगर निकायों को भेजकर कंपेक्टर मशीन से सिली बनाकर रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।


एसपी उत्तरकाशी ने किया गंगोत्री यात्रा मार्ग का निरीक्षण

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 के शुरू होने से पहले पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों और दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस चौकियों, बैरियर, ड्यूटी प्वाइंट, पार्किंग और यात्री पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने यात्रा के दौरान तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों के लिए आवास, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!