फूलदेई बनेगा बच्चों की रचनात्मकता का मंच, धाद के ‘’कोना कक्षा’’ की पहल


रामनगर/नैनीताल। धाद के ‘कोना कक्षा’ अध्याय द्वारा सृजन के बालपर्व फूलदेई-2026 का शुभारंभ वना रीट्रीट, भलोंन (रामनगर) में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक फूलदेई फेरी से हुई, जिसमें बच्चों ने “फूलदेई छम्मा देई” गाते हुए घरों की देहली पर फूल अर्पित किए। इसके बाद प्रदेश के करीब दस हजार बच्चों के लिए रचनात्मक प्रतिभाग कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय भलोंन, उच्च प्राथमिक विद्यालय भलोंन, उच्च माध्यमिक विद्यालय पाटकोट और ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल पाटकोट के 100 से अधिक बच्चों ने चित्रकला, कविता और कहानी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में 22 बच्चों को उनकी उत्कृष्ट रचनाओं के लिए सम्मानित भी किया गया। कोना कक्षा के संयोजक गणेश चंद्र उनियाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अभिव्यक्ति का मंच देना और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम में धाद के पदाधिकारियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।


लोकपर्व फूलदेई पर बच्चों की खुशियों से महका जिलाधिकारी आवास

पौड़ी। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति का प्रतीक लोकपर्व फूलदेई जनपद में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों की टोलियां उत्साह के साथ जिलाधिकारी आवास पहुंचीं और परंपरा के अनुसार देहली पर रंग-बिरंगे फूल बिखेरते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बच्चों के लोकगीतों और फूलों की सुगंध से जिलाधिकारी आवास का वातावरण उत्सवमय हो उठा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उपहार दिए और पढ़ाई के साथ अपनी लोकसंस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि फूलदेई हमारी सांस्कृतिक विरासत की सुंदर परंपरा है, जो प्रकृति प्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है।


लोकपर्व फूलदेई पर नन्हे-मुन्नों ने निकाली शोभायात्रा

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व फूलदेई के अवसर पर फूलदेई सामाजिक एवं सांस्कृतिक कला मंच समिति द्वारा नगर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और शोभायात्रा का आयोजन किया गया। नगर निगम महापौर आरती भंडारी ने कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सरस्वती शिशु मंदिर से गुरुद्वारा रोड, गोला बाजार, गणेश बाजार और बदरीनाथ हाईवे होते हुए आकर्षक शोभायात्रा निकाली। इस अवसर पर स्वाणी फुल्यारी प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!