नानकशाही नव वर्ष पर हुआ सुखमनी साहिब का पाठ

हरिद्वार। नानकशाही नव वर्ष के आगमन और चैत्र माह की संक्रांति के अवसर पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु नानक दरबार भेल, गोल गुरुद्वारा, निर्मल संतपुरा, निर्मल विरक्त कुटिया और सिंह सभा गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं ने रहिरास साहिब और सुखमनी साहिब का पाठ कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब से आशीर्वाद प्राप्त किया। निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में संत बलजिंदर सिंह शास्त्री, सरबजीत कौर और ज्ञानी पंकज सिंह ने कथा व कीर्तन किया, जबकि भेल गुरुद्वारे में प्रिंस पाल सिंह और निर्मल विरक्त कुटिया में हरबीर सिंह व मालक सिंह ने शब्द कीर्तन प्रस्तुत किया। संतों ने संगत से नए वर्ष को प्रभु सिमरन और सेवा में बिताने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
