गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर डीएम सख्त, कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर होगी कड़ी कार्रवाई


हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा कंट्रोल रूम में संबंधित अधिकारियों तथा गैस एजेंसियों के विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी दशा में ब्लैक मार्केटिंग, अवैध भंडारण या अवैध रिफिलिंग न होने दी जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गैस सिलेंडरों की बुकिंग ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से भी की जा रही है और स्थिति सामान्य है। एजेंसियों पर लग रही भीड़ का मुख्य कारण कई उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी न कराना है, जिसके चलते उनकी गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं द्वारा की गई बुकिंग के आधार पर गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े। उन्होंने बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही एजेंसियों को केवाईसी के लिए अलग काउंटर खोलने और उपभोक्ताओं को ऑनलाइन केवाईसी के प्रति जागरूक करने को कहा।
उन्होंने चिकित्सालयों, आश्रमों और शिक्षण संस्थानों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने तथा कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया।


प्रशासन की कार्रवाई, गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त, मुकदमा दर्ज

देहरादून। एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर गठित क्यूआरटी टीम ने शहीद हीरा गैस एजेंसी, शिमला बाईपास रोड पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर एजेंसी स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जांच में पाया गया कि एजेंसी प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कर उपभोक्ताओं को गोदाम से ही गैस सिलेंडर वितरित कर रही थी, जिससे भारी भीड़ लग गई और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बन गई। इस पर प्रशासन ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना पटेलनगर में मामला दर्ज कराया।


एलपीजी गैस वितरण अब केवल होम डिलीवरी और ओटीपी व्यवस्था से

देहरादून। जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी गैस का वितरण केवल होम डिलीवरी और ओटीपी आधारित व्यवस्था के माध्यम से किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस एजेंसियों और गोदामों पर लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करना तथा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्यूआरटी टीम ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। एजेंसियों पर होम डिलीवरी से संबंधित सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077 सहित जारी नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!