महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनी महिलाओं की समस्याएं

उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने जिला सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 8 मामले दर्ज हुए, जिनमें अधिकांश शिकायतें शराब के नशे में होने वाली घरेलू हिंसा से जुड़ी थीं। उपाध्यक्ष ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान दो घरेलू हिंसा के मामलों में पति-पत्नी को बुलाकर मौके पर ही काउंसलिंग कराई गई, ताकि पारिवारिक विवाद का समाधान आपसी सहमति से हो सके। महिलाओं ने जनपद में नशा मुक्ति केंद्र, नारी निकेतन और आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी जनसुनवाई में भाग लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एसपी कमलेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
