गैस के अवैध संग्रहण व कालाबाजारी करने पर होगी दोषियों को जेल

देहरादून। देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने और जमाखोरी व कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि घरेलू गैस का अवैध संग्रहण, कालाबाजारी या व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और बीएनएस के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को जेल भेजा जाएगा तथा संबंधित एजेंसियां सील की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने गैस से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। नागरिक 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 और व्हाट्सऐप नंबर 7534826066 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एडीएम के निर्देशन में जिला पूर्ति अधिकारी और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि प्रतिदिन एक घंटा बैठकर शिकायतों और आपूर्ति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को पुलिस और पूर्ति विभाग के साथ गैस एजेंसियों पर नियमित छापेमारी के निर्देश दिए। जनपद की सभी 72 गैस एजेंसियों के गोदाम प्रशासन की निगरानी में हैं। जिलाधिकारी ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और गैस की पैनिक बुकिंग न करने की अपील की।
