पुलिस ने लग्जरी कार से अवैध शराब तस्कर को किया गिरफ्तार

देहरादून। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। चेकिंग के दौरान प्रतीतपुर धर्मावाला क्षेत्र में स्विफ्ट डिजायर कार से 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसमें 18 पेटी ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की के 864 पव्वे और 2 पेटी में 24 बोतल हरियाणा-चंडीगढ़ ब्रांड की शराब शामिल है। पुलिस ने आरोपी पूरण सिंह (40) निवासी बद्रीपुर थाना सहसपुर को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट के निर्देशन में की।

डोईवाला में स्मैक और अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोईवाला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पुराने सौंग नदी पुल के पास से नाकी उर्फ सुन्दर को 6.10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ पकड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं सपना नामक महिला को 3 पेटी (150 टेट्रा पैक) माल्टा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार नाकी पहले भी अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। अभियान लगातार जारी है।
