किसान दिवस में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सुनी किसानों की समस्याएं

पौड़ी। विकासखंड कल्जीखाल में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के किसानों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए कृषि से जुड़ी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश दिए। कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता और सिंचाई विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, बागवानी और पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिले और कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले।
चेन लिंक फेंसिंग कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
टिहरी। टिहरी गढ़वाल में जिलाधिकारी ने विकास खंड चम्बा के ग्राम कोटीगाड़ के नौलीखाला में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे चेन लिंक फेंसिंग घेरबाड़ कार्य का निरीक्षण किया। मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि 226.10 मीटर लंबी घेरबाड़ से 8 हेक्टेयर भूमि सुरक्षित की गई है और इसकी लागत 6.50 लाख रुपये रही। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की सिंचाई मरम्मत और शेष स्थानों पर घेरबाड़ कराने की मांग पर इसे जिला योजना में शामिल कर कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को लाईनिंग सिस्टम से गेहूँ की बुवाई करने और खाद व बीज समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। ग्राम प्रधान, कृषि विभाग के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

किसान दिवस में फसलों की सुरक्षा व खेती सुधार पर चर्चा
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई और खेती से आय बढ़ाने के उपाय बताए गए। किसानों ने मुख्य रूप से जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाई। मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने तारबाड़ लगाने के कार्य और उपायों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिक खेतों में तारबाड़ के लिए सुझाव दिए और ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों से सहयोग लेने के निर्देश दिए।
