बजट सत्र की ड्यूटी पर तैनात जवानों से पुलिस महानिदेशक ने किया संवाद


देहरादून/भराड़ीसैंण। भराड़ीसैंण में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने जिला पुलिस, पीएसी, राज्य आपदा मोचन बल, अग्निशमन सेवा, अभिसूचना और आईआरबी के अधिकारियों व जवानों से संवाद किया। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों से उनकी चुनौतियों, ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि भराड़ीसैंण क्षेत्र की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक संवेदनशील हो जाती है, फिर भी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस दौरान जवानों से रहने-खाने की व्यवस्था, ड्यूटी प्रबंधन और तैनाती से संबंधित सुझाव भी लिए गए। जवानों ने पारिवारिक, स्वास्थ्य और स्थानांतरण से जुड़ी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।


पुलिस अधिकारियों को दिए कानून व्यवस्था पर निर्देश

देहरादून/भराणीसैंण। भराड़ीसैंण-चमोली में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था, सत्यापन अभियान और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और मेडिकल स्टोर संचालकों का अनिवार्य सत्यापन कराने, ऑपरेशन स्माइल के तहत बचाए बच्चों का विवरण वात्सल्य पोर्टल पर अपलोड करने और संवेदनशील परिस्थितियों में प्रभावी नेतृत्व दिखाने पर जोर दिया। अधिकारियों से विधानसभा सत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सुझाव भी लिए गए। बैठक में पदोन्नति, प्रशिक्षण और पुलिस ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। अपर पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!