रसोई गैस के दाम बढ़ाकर मोदी सरकार ने किया गरीब का चूल्हा बुझाने का काम

देहरादून। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और रसोई गैस के दाम बढ़ने से गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद सरकार ने पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में राहत नहीं दी। पिछले 12 वर्षों में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 450 रुपये से बढ़कर 1100 रुपये तक पहुंच गई है, जिससे गरीब परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है।
रौतेला ने आरोप लगाया कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार जनता का ध्यान अन्य मुद्दों की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से आम आदमी का जीवन मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि रसोई गैस की कीमतों में तुरंत कमी की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा कांग्रेस जनता के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन करने को मजबूर होगी। पत्रकार वार्ता में नजमा खान, उर्मिला थापा ढौंडियाल, चन्द्रकला नेगी, पूनम सिंह और अनुराधा तिवाड़ी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
