दुगड्डा में भव्य पशु प्रदर्शनी, उन्नत नस्ल के पशुओं को किया सम्मानित

पौड़ी गढ़वाल। पशुपालन विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में विकासखंड दुगड्डा के ग्राम सरुड़ा हनुमंती में राजकीय पशु चिकित्सालय द्वारा भव्य पशु प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें 32 पशुपालकों ने उन्नत नस्ल के पशुओं के साथ भाग लिया। विशेषज्ञों ने पशुओं के स्वास्थ्य, कद-काठी और नस्ल के आधार पर मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। देशी गाय, संकर गाय, बकरी/भेड़, घोड़ा-खच्चर और बछिया श्रेणी में प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान दिए गए। विजेताओं को ड्रम, दूध केन व तसले देकर सम्मानित किया गया। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन पशुपालकों को उन्नत नस्ल संरक्षण और वैज्ञानिक पशुपालन के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम ग्राम प्रधान गब्बर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
