कुंभ मेले से पहले होगा पौराणिक भीमगोडा कुंड का सौंदर्यीकरण

हरिद्वार। कुंभ मेला के भव्य और दिव्य आयोजन की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने कुंभ क्षेत्र के पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की योजना पर काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में पौराणिक महत्व वाले भीमगोडा कुंड के जीर्णाेद्धार और विकास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंगलवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने तकनीकी टीम के साथ भीमगोडा कुंड का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान कुंड में पौराणिक जल स्रोत से जल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था, संरचनात्मक सुधार और सौंदर्यीकरण के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद सुमित चौधरी और क्षेत्रीय नागरिकों से भी सुझाव लिए गए।
अपर मेलाधिकारी ने बताया कि कुंड के मूल स्वरूप और पौराणिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे आकर्षक बनाया जाएगा। कुंड के चारों ओर सुंदर पार्क विकसित किया जाएगा, जहां बैठने के लिए बेंच, मजबूत रेलिंग, सुरक्षित मार्ग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। मेला प्रशासन का उद्देश्य कुंभ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस पौराणिक स्थल के दर्शन कराना और इसकी ऐतिहासिक गरिमा को संरक्षित रखते हुए इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।
