आधी रात घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के ग्राम नगला खिताब में बीती रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना रात करीब 12ः10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित चौधरी गौरव कुमार ने बताया कि उन्हें पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। आरोप है कि बदमाशों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए उनसे और उनके एक मित्र से पांच-पांच लाख रुपये, कुल 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। गौरव ने बताया कि वह इसी संबंध में शाम को पुलिस थाने में तहरीर देने गए थे।
उनके अनुसार, रात में घर लौटने के कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाश घर के बाहर पहुंचे और अलग-अलग हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां घर के दरवाजे पर लगीं, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने कुछ युवकों पर शक जताते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
