मनरेगा के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जाए रोजगार से: ललित नारायण

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कुलदीप राय,
हरिद्वार। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा अधिक से अधिक आजीविका आधारित कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार देने की योजना नहीं, बल्कि स्थायी विकास और ग्रामीण ढांचा सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा कार्यों का अन्य विभागों के साथ केन्द्राभिसरण कर सिंचाई सुविधाओं को प्रत्येक ग्राम तक पहुँचाया जाए। उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि एसडीएम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर चकरोड़ों को खाली कराया जाए। साथ ही अमृत सरोवर परियोजनाओं सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष बल दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित सभी बीडीओ एवं मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।
