खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 दोपहिया वाहन बरामद


उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/राजकुमार।

 

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 05 मार्च 2026 को शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूके-17-एल-8320) को 04 मार्च को ऊंचा पुल स्थित महाराजा फर्नीचर के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
09 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी की थी।

8 मोटरसाइकिल व 2 स्कूटी बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित एक खंडहर से 08 मोटरसाइकिल और 02 स्कूटी बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये वाहन हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न स्थानों से चोरी किए थे और पकड़े जाने से बचने के लिए उन्हें नहर पटरी के पास खंडहर में छिपाकर रखते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोसिन और गुल्सान शामिल हैं। मोसिन पेशे से राजमिस्त्री है जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक का काम करता है। कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद दोनों वाहन चोरी में काफी शातिर बताए जा रहे हैं। बरामद वाहनों में से कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।

चेकिंग अभियान लगातार जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!